Home चर्चा में ट्रक मालिकों की हड़ताल समाप्त होने पर कलेक्टर, एसडीएम, ट्रक मालिक संघ...

ट्रक मालिकों की हड़ताल समाप्त होने पर कलेक्टर, एसडीएम, ट्रक मालिक संघ और मीडिया साथियों का आभार

14
0

युसूफ खान/कुसमी। हिंडाल्को सामरी से जुड़े ट्रक मालिकों के लंबित भाड़ा भुगतान को लेकर पिछले कई दिनों से चल रही अनिश्चितकालीन हड़ताल समाप्त होने तथा बॉक्साइट परिवहन पुनः शुरू होने पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कुसमी के अध्यक्ष हरीश मिश्रा ने प्रसन्नता व्यक्त की है। उन्होंने पूरे मामले के शांतिपूर्ण समाधान की दिशा में सकारात्मक पहल के लिए जिला कलेक्टर बलरामपुर-रामानुजगंज चंदन संजय त्रिपाठी, एसडीएम कुसमी अनमोल विवेक टोप्पो तथा ट्रक मालिक संघ के प्रति आभार व्यक्त किया है।

हरीश मिश्रा ने कहा कि ट्रक मालिकों की भुगतान संबंधी समस्या गंभीर थी और इसके कारण परिवहन कार्य प्रभावित हुआ। जिला प्रशासन द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पक्षों को बातचीत के लिए एक मंच पर लाना तथा समाधान की दिशा में पहल करना सराहनीय है। 18 अगस्त को एसडीएम कार्यालय कुसमी में हुई बैठक के बाद 19 अगस्त को जीएन कंस्ट्रक्शन और ट्रक मालिक संघ के बीच लिखित समझौता हुआ, जिसके बाद ट्रक मालिक संघ ने हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया।

उन्होंने ट्रक मालिक संघ के अध्यक्ष पुनीत गुप्ता सहित संघ के सभी पदाधिकारियों और ट्रक मालिकों का भी धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि बातचीत और समझौते के बाद आंदोलन समाप्त कर परिवहन कार्य पुनः शुरू करने का निर्णय क्षेत्र की शांति व्यवस्था और आपसी सौहार्द की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

मीडिया साथियों का भी जताया आभार

हरीश मिश्रा ने इस पूरे मामले को प्रमुखता से उठाने वाले सभी मीडिया साथियों के प्रति भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जब ट्रक मालिक अपने लंबित भुगतान को लेकर आंदोलन कर रहे थे, तब स्थानीय मीडिया ने उनकी मांग और समस्या को प्राथमिकता के साथ सामने रखा तथा पूरे घटनाक्रम को लगातार जनता और प्रशासन के समक्ष पहुंचाया।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका केवल समाचार प्रकाशित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि जनहित से जुड़े मुद्दों को उचित मंच तक पहुंचाना भी उसकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। ट्रक मालिकों की भुगतान संबंधी समस्या को लगातार प्रमुखता से उठाने के लिए सभी पत्रकार साथियों का ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की ओर से धन्यवाद और आभार है।

जिन ट्रक मालिकों का भुगतान बाकी है, उनका भी शीघ्र भुगतान हो

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष हरीश मिश्रा ने मीडिया के माध्यम से हिंडाल्को प्रबंधन एवं संबंधित ठेकेदार को संदेश देते हुए कहा कि समझौते के बावजूद यदि किसी ट्रक मालिक का पूर्व में किए गए परिवहन कार्य का भुगतान अभी भी शेष है, तो उसका भुगतान प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि हड़ताल समाप्त होना तभी पूर्ण समाधान माना जाएगा, जब प्रत्येक ट्रक मालिक को उसके द्वारा किए गए परिवहन कार्य का पूरा भुगतान प्राप्त हो जाए। इसलिए जिन ट्रक मालिकों का भुगतान किसी कारणवश अभी बाकी है, उनके भुगतान का भी तत्काल निराकरण किया जाना चाहिए।

उन्होंने मीडिया के माध्यम से संबंधित ठेकेदार से अपील करते हुए कहा कि समझौते में तय भुगतान व्यवस्था का पूरी गंभीरता से पालन किया जाए और भविष्य में भुगतान को लेकर ऐसी स्थिति दोबारा निर्मित न हो। समय पर भुगतान होने से ट्रक मालिकों को आर्थिक परेशानियों से राहत मिलेगी तथा बॉक्साइट परिवहन व्यवस्था भी सुचारु रूप से चलती रहेगी।

हरीश मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी क्षेत्र के ट्रक मालिकों और आम लोगों से जुड़े मुद्दों को हमेशा गंभीरता से उठाती रही है। वर्तमान मामले में भी पार्टी की प्राथमिकता विवाद को बढ़ाना नहीं, बल्कि बातचीत और लोकतांत्रिक तरीके से समाधान सुनिश्चित कराना रही है।

उन्होंने पुनः जिला कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी, एसडीएम कुसमी अनमोल विवेक टोप्पो, ट्रक मालिक संघ के अध्यक्ष पुनीत गुप्ता सहित सभी पदाधिकारियों एवं ट्रक मालिकों तथा पूरे मामले को प्रमुखता से उठाने वाले सभी मीडिया साथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आपसी संवाद, सहमति और सकारात्मक पहल से विवाद का शांतिपूर्ण समाधान होना क्षेत्र के लिए संतोष की बात है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here