बीजापुर। भाजपा कार्यकर्ता सचिन सिंह, निवासी भैरमगढ़, द्वारा लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के संबंध में सोशल मीडिया पर कथित रूप से अशोभनीय एवं आपत्तिजनक पोस्ट किए जाने का मामला सामने आया है। इसको लेकर बीजापुर जिला कांग्रेस कमेटी ने थाना कोतवाली पहुंचकर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग करते हुए पुलिस को आवेदन सौंपा।
कांग्रेस पदाधिकारियों ने पुलिस से मामले की जांच कर सोशल मीडिया पर की गई कथित आपत्तिजनक पोस्ट के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि सार्वजनिक जीवन से जुड़े नेताओं के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक एवं अशोभनीय भाषा का इस्तेमाल किए जाने से सामाजिक एवं राजनीतिक माहौल प्रभावित होता है।

जिला कांग्रेस कमेटी ने पुलिस को दिए आवेदन में मामले में शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। कांग्रेस पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि तीन दिवस के भीतर मामले में कार्रवाई नहीं की गई, तो जिला कांग्रेस कमेटी बीजापुर द्वारा आंदोलन किया जाएगा।
कांग्रेस ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर कानून के अनुसार आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।







