पेंड्रा संवाददाता – दीपक कश्यप
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही | 26 अक्टूबर 2026
मरवाही विकासखंड के ग्राम पंचायत मटियाडांड में जंगली हाथियों के हमले से एक युवक की मौत हो गई। नजदीक से हाथी देखने की उत्सुकता युवक को महंगी पड़ गई।
कैसे हुई घटना –
प्राप्त जानकारी के अनुसार आज दोपहर लगभग 3:30 बजे कई ग्रामीणों के साथ ग्राम रूमगा निवासी युवक भी हाथियों को देखने जंगल की ओर गया था। इसी दौरान अचानक एक हाथी ने हमला कर दिया। भगदड़ में कई ग्रामीण भागने में सफल रहे, लेकिन युवक हाथी की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस की मदद से घायल को उपचार के लिए मरवाही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन जिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में युवक ने दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान –
मृतक का नाम केमला प्रसाद पुरी, पिता विशू प्रसाद पुरी, उम्र 36 वर्ष, निवासी ग्राम रूमगा बताया गया है। घटना के बाद परिवार में शोक और मातम का माहौल है।
53 हाथियों का दल क्षेत्र में मौजूद –
गौरतलब है कि पसान परिक्षेत्र के बाद वर्तमान में 53 हाथियों का दल मरवाही वन परिक्षेत्र के मटियाडांड एवं रूमगा के जंगलों में विचरण कर रहा है। दल में कई शावक भी हैं और हाल ही में एक नन्हे शावक का जन्म भी हुआ है, जिसके कारण हाथियों का दल जंगल नहीं छोड़ रहा है।
हाथियों को देखने के लिए आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में जंगल पहुंच रहे हैं और शोर-शराबा कर हाथियों को उकसाने का काम कर रहे हैं। हाथियों की मौजूदगी से पूरे इलाके में डर और दहशत का माहौल बना हुआ है। कई ग्रामीण अपनी और अपने परिवार की जान बचाने के लिए छतों पर झोपड़ी बनाकर रात बिताने को मजबूर हैं।
वन विभाग की अपील –
इस घटना को देखते हुए वन विभाग ने आम जनता से अपील की है कि हाथियों के नजदीक न जाएं और शोर-शराबा कर उन्हें न उकसाएं, सुरक्षित दूरी बनाए रखें।







