कोरबा संवाददाता – हेमचंद्र सोनी
गेवरा-दीपका स्थित कर्मा तेजस्वी खेल विकास संगठन गेवरा सोसाइटी कोरबा (छत्तीसगढ़) समिति द्वारा आयोजित पांच दिवसीय जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता का सफलतापूर्वक समापन हुआ। प्रतियोगिता में विभिन्न खेलों के माध्यम से बच्चों और युवाओं ने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया तथा क्षेत्र में खेलों के प्रति उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला।
प्रतियोगिता के अंतर्गत 10 मई को ताइक्वांडो, 11 मई को बॉक्सिंग एवं शतरंज, 12 मई को कबड्डी और योगा तथा 13 मई को वॉलीबॉल प्रतियोगिता आयोजित की गई। सभी प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ भाग लेते हुए अपनी खेल प्रतिभा का परिचय दिया।

प्रतियोगिता के समापन अवसर पर 15 मई को शाम 5 बजे से 7 बजे तक पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद के मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएमओ) श्री राजेश गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ विभिन्न वार्डों के पार्षद श्री इस्तिखार अली, श्रीमती हर्षित देवी राजपूत, श्री आकाश साहू, श्री अविनाश यादव, श्री धीरेन्द्र तिवारी, कांग्रेस सांसद प्रतिनिधि श्री तनवीर अहमद, प्रदेश सह सचिव कांग्रेस श्री रजनीश तिवारी, सृष्टि महिला मंडल अध्यक्ष श्रीमती गौरी चक्रवर्ती एवं प्रभारी श्रीमती प्रिया पटेल सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी बच्चे, उनके पालकगण और नगर के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
अतिथियों ने अपने उद्बोधन में प्रतियोगिता की सराहना करते हुए बच्चों को खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए समय-समय पर हर संभव सहयोग देने का आश्वासन भी दिया।
कार्यक्रम का संचालन संगठन की सचिव भुवनेश्वरी जायसवाल ने किया, जबकि अध्यक्षा श्रीमती रेणु तिवारी ने उपस्थित अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर संगठन की खेल शिक्षिका सदस्य वेदिका साहू की मेहनत और समर्पण की विशेष सराहना की गई। साथ ही संगठन की सभी महिला सदस्यों के कार्यों की भी अतिथियों ने प्रशंसा करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।








