बतौली संवाददाता – वीरेन्द्र तिवारी
थाना बतौली क्षेत्र के ग्राम पोकसरी में शराब पीने से रोकने पर हुए विवाद ने हत्या का रूप ले लिया। मामले में थाना बतौली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस के अनुसार, 19 जून 2026 को ग्राम पोकसरी निवासी जानचंद पड़ोस में शराब पी रहा था। इस दौरान मृतक संतलाल ने उसे ऐसा करने से रोका, जिससे दोनों के बीच विवाद हो गया। इसी रंजिश में 21 जून की रात करीब 12:30 बजे जानचंद और सुखऊ राम मोटरसाइकिल से संतलाल की तलाश में उसके घर पहुंचे और जान से मारने की धमकी देते हुए गाली-गलौज की।
अगली सुबह संतलाल का शव गांव के बंधवाटिकरा स्थित बंधवा गुड़ी के पास मिला। शव पर सिर, चेहरा, कंधे और पीठ पर गंभीर चोटों के निशान थे। घटनास्थल से लकड़ी का गेंड़ा, लकड़ी की फाड़ी, मृतक का मोबाइल फोन तथा टांगी बरामद की गई।
मृतक के भाई बिन्द्रा राम की रिपोर्ट पर थाना बतौली में अपराध क्रमांक 70/26 के तहत धारा 103(1), 332(क), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
डीआईजी एवं एसएसपी के निर्देशन में त्वरित कार्रवाई
डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल (भा.पु.से.) के निर्देश पर थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक सेंगर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले की जांच तेज करते हुए दोनों आरोपियों जानचंद (23 वर्ष) एवं सुखऊ राम (24 वर्ष), निवासी ग्राम पोकसरी, को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने हत्या करना स्वीकार किया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी मृत्यु का कारण हत्यात्मक होना पाया गया।
पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का गेंड़ा, लकड़ी की फाड़ी, मृतक का मोबाइल एवं टांगी जब्त कर आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक सेंगर, उपनिरीक्षक आभाष मिंज, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक शिव कुमार ध्रुव सहित थाना बतौली के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही।








