गर्मी का मौसम शुरू होते ही बाजार में कच्चे आमों की बाहार आ जाती है। कच्चे आम से लोग अलग अलग तरह की डिशेज बनाते हैं, जिनमें से एक है आम का मुरब्बा। आम का मुरब्बा गर्मियों के मौसम की एक बहुत ही लोकप्रिय और स्वादिष्ट डिश है। इसे आप पराठे, पूरी या रोटी के साथ खा सकते हैं। यह लंबे समय तक चलता है और इसे बनाना भी काफी आसान है। यहां हम आपके लिए आम के मुरब्बे की आसान सी रेसिपी लेकर आए हैं। फटाफट नोट करें रेसिपी।
सामग्री
- कच्चे आम – 1 किलो
- चीनी 800 ग्राम से 1 किलो
- इलायची पाउडर 1 छोटा चम्मच
- केसर के धागे – 10-12
- दालचीनी का टुकड़ा -1 इंच
- नमक- एक चुटकी
बनाने का तरीका
- सबसे पहले कच्चे आमों को अच्छी तरह धोकर सुखा लें। आमों का छिलका उतार लें और उन्हें मध्यम आकार के टुकड़ों या फांकों में काट लें। आप चाहें तो इन्हें कद्दूकस भी कर सकते हैं।
- एक भारी तले वाले बर्तन में आम के टुकड़े और चीनी डालकर अच्छी तरह मिला दें। इसे 1-2 घंटे के लिए ढककर छोड़ दें। इससे आम अपना पानी छोड़ देंगे और चीनी पिघल जाएगी।
- अब बर्तन को मध्यम आंच पर गैस पर रखें। इसमें दालचीनी का टुकड़ा डाल दें।
- इसे तब तक पकाएं जब तक कि चाशनी गाढ़ी न हो जाए। बीच-बीच में चलाते रहें ताकि यह नीचे से जले नहीं।
- जब चाशनी तैयार हो जाए, तब इसमें इलायची पाउडर और केसर डाल दें। एक चुटकी नमक डालें। गैस बंद कर दें और इसे पूरी तरह ठंडा होने दें और इसका आनंद लें।








