-शिकायत के बावजूद सड़क मरम्मत शुरू नहीं, अधिकारी फोन तक उठाने में कर रहे आनाकानी; ठेकेदार की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
युसूफ खान/कुसमी, बलरामपुर।
बलरामपुर जिले के कुसमी विकासखंड अंतर्गत चटनिया से सबाग जाने वाली सड़क की स्थिति इन दिनों बेहद जर्जर हो चुकी है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस मार्ग पर कभी भी गंभीर सड़क हादसा होने की आशंका बनी हुई है।

हैरानी की बात यह है कि सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराने के बाद भी जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदार की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई होती नजर नहीं आ रही है। स्थानीय स्तर पर सड़क की समस्या को लेकर जब संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर फीडबैक लेने का प्रयास किया जाता है, तो अधिकारी फोन तक उठाना उचित नहीं समझते।

शिकायतकर्ता के अनुसार, एक बार अधिकारी से बातचीत होने पर उन्होंने बताया था कि ठेकेदार को सड़क निर्माण एवं मरम्मत का कार्य शुरू करने के लिए कह दिया गया है। लेकिन इसके बावजूद अब तक धरातल पर काम शुरू नहीं हुआ है। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी कब तय होगी?
वहीं, सड़क की बदहाल स्थिति के बीच सुरक्षा व्यवस्था भी नदारद है। न तो खतरनाक मोड़ों पर चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं और न ही सड़क सुरक्षा से संबंधित कोई संकेतक मौजूद हैं। इससे रात के समय आवागमन करने वाले लोगों के लिए दुर्घटना का खतरा और बढ़ जाता है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या ठेकेदार अधिकारियों के निर्देशों को भी गंभीरता से नहीं ले रहा है, या फिर विभागीय निगरानी में ही लापरवाही बरती जा रही है?
अब देखना होगा कि खबर प्रकाशित होने के बाद संबंधित विभाग और ठेकेदार नींद से जागते हैं और चटनिया–सबाग मार्ग की मरम्मत का कार्य शुरू कराते हैं, या फिर क्षेत्र की जनता इसी बदहाल सड़क पर सफर करने को मजबूर रहती है।







